सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

आखिर ये कौन से राम हैं

‘श्री रामचंद्र कृपालु भज मन'

आज सब ओर रामनवमी की धूम है। मोहल्लों में राम भक्त हिन्दुओं के घरों पर राम ध्वजा फहरा रही है...  मुझे इन लहराते झंडों के बीच अपना बचपन याद आ रहा है। 

रामनवमी मेरे परिवार के लिए एक घरेलू उत्सव रहा है। बचपन से लेकर सन 2000 और उसके कुछ और वर्षों तक रामनवमी आती थी। हम सब मिलकर पूजा करते। आंगन में हनुमानी ध्वजा फहरायी जाती थी। हम धनिया और मीठा मिले प्रसाद को खा कर खुश हो जाते थे। श्री राम की याद और मीठा प्रसाद- ऐसा ही रहा, हमारा रामनवमी। उस समय भी अख़बार और दुकानों में रामनवमी की थोड़ी धूम होती थी। कुम्हरार गाॅंव से हाथी, घोड़ों के साथ हनुमान ध्वजा निकलती थी। यहाँ राम की तस्वीर भी होती थी। लेकिन तस्वीर में सीता, हनुमान, लक्ष्मण, भरत और पूरी अयोध्या शामिल होती थी। किसी तस्वीर में जामवंत, सुग्रीव और विभीषण भी दिख जाते थें। सबके राम का राजदरबार होता। वे सबको आश्वस्त करते- हम हैं। 

महेंद्रू में महावीर मंदिर के हनुमान जी को सजाया सँवारा जाता था। कभी दोपहर या कभी देर शाम पूजा होती थी। हम बाल टोली की नज़र तो ब्राउन कागज के दोने में रखे दो लड्डुओं पर होती थी। इस मंडली में मेरे साथ आसिफ़, मुकेश, साहेब और जगत भी होते थे। पूरे हक़ से प्रसाद लेते और खाते थे। एक साल तो इस बार की ही तरह रमज़ान के समय रामनवमी आयी।  उस साल पता नहीं क्यों, पूजा रात को सात- आठ बजे हुई। हम पूजा के सम्पन्न होने और प्रसाद पाने के इंतज़ार में थे। तब हमारी मंडली, मंडली के दोस्त भाई सभी ने जमकर प्रसाद का मजा लिया। उस दिन तो मैं अपनी छोटी बहन के साथ था। एक हाथ में धनिया चूरन और दूसरे हाथ में हनुमान जी का प्रसाद।… लाउडस्पीकर पर लता दीदी का गाना बज रहा था… 'श्री राम चंद्र कृपालु भज मन'।

लेकिन आज रामनवमी के मौक़े पर पटना की सड़कें सहमी हैं। आख़िर क्यों?

चालीस से भी अधिक मोहल्लों से रामनवमी का जुलूस निकल रहा है। हर जुलूस में तलवार, लाठी और कान फाड़ने वाले डीजे बज रहे हैं। ऐसी गर्जना कि आप खुद को हिन्दू समझें न समझें, सहम ज़रूर जायेंगे। डर से। कुछ अनहोनी होने का डर। डीजे पर चुनौती देते गाने बज रहे हैं। युद्धघोष करते नारे लग रहे हैं। 

मेरे एक वरीय पदाधिकारी ने ज़िला प्रशासन के एक वरीय पदाधिकारी से पूछा, कहीं ये दंगे की आहट तो नहीं है? ज़िले के अधिकारी ने नज़रें झुका कर सिर्फ़ यही कहा, "सर, होने नहीं दिया जायेगा।"
यह शब्द सुने चौबीस घंटे बीत चुके हैं l लेकिन अभी भी वे झुकी नज़रें और शब्द ज़हन में ताज़ा हैं।

आज की रामनवमी में राम क्रोधित हैं। इतने क्रोधित कि उनकी प्रत्यंचा खींची है और सीता, लक्ष्मण, भरत, हनुमान सब गायब हैं। कहीं दूर अलग हनुमान दिख रहे हैं पर वे भी क्रोध से लाल हो चुके हैं। उनकी आँखें डरा रही हैं। आज लता दीदी के कृपालु सुनाई नहीं दे रही।

ये कौन से राम और हनुमान हैं? मैंने ऐसा न पढ़ा, न सुना। न तुलसी के रामचरितमानस में और न ही वाल्मीकि रामायण में इस राम-हनुमान को देखा।

आखिर ये कौन से राम हैं? हमारे वाले राम को कौन बदल रहा है? मर्यादा पुरुषोत्तम कहाँ हैं?

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

गाँधी: एक पुनर्मूल्‍यांकन

✍🏽 कात्‍यायनी 🖥 http://ahwanmag.com/archives/6235 _____________________ ‘जनसत्‍ता’ के सम्‍पादकीय पृष्‍ठ पर काफी पहले सुधांशु रंजन ने ‘महात्‍मा गाँधी बनाम चर्चिल’लेख में गाँधी के ब्रह्मचर्य प्रयोगों का प्रसंग उठाया था। लेखक के अनुसार, आम लोगों की दृष्टि में विवादास्‍पदता के बावजूद, ‘ गाँधी का यह प्रयोग नायाब था, जिसे सामान्‍य मस्तिष्‍क नहीं समझ सकता’  और सत्‍य का ऐसा टुकड़ा उनके पास था जिसने उन्‍हें इस ऊँचाई पर पहुँचा दिया।’ बेशक इतिहास का कोई भी जिम्‍मेदार अध्‍येता गाँधी के ब्रह्मचर्य-प्रयोगों पर उस तरह की सनसनीखेज, चटखारेदार चर्चाओं में कोई दिलचस्‍पी नहीं लेगा, जैसी वेद मेहता से लेकर दयाशंकर शुक्‍ल ‘सागर’ आ‍‍दि लेखक अपनी पुस्‍तकों में करते रहे हैं। लेकिन किसी इतिहास-पुरुष के दृष्टिकोण में किसी भी प्रश्‍न पर य‍दि कोई अवैज्ञानिकता या कूपमण्‍डूकता होगी, तो इतिहास और समाज के गम्‍भीर अध्‍येता निश्‍चय ही उसकी आलोचना करेंगे। यहाँ प्रश्‍न यह है ही नहीं कि गाँधी के ब्रह्मचर्य-प्रयोगों के पीछे ब्रह्मचर्य की शक्ति और न केवल व्‍यक्ति बल्कि पूरे समाज पर पड़ने वाले उसके सकारात्‍मक प्रभाव पर ग...

ऐ रहबर मुल्कों क़ौम बता

कोरोना वायरस बहुत पुराना नहीं है और इतना भी नया नहीं कि हम रोज़ाना हजारों लाश गिनते रहें और श्मशान, कब्रिस्तान छोटे पड़ते रहें। सालों से विकास के नए प्रतिमान गढ़ते हिंदुस्तान का मैं भी साक्षी हूं। रोज शाम (प्रायः रात को) दफ्तर से लौटते हुए गौरव महसूस किया करता कि मैं बिहार के लोगों के लिए काम कर रहा हूं। बेली रोड की चौड़ी सड़कें, अधबना लोहिया चक्र, सुंदर सा बिहार संग्रहालय, गांधी मैदान के कोने में ज्ञान भवन, पुल पर तेज रफ़्तार और बुद्ध स्मृति पार्क नए बनते बिहार के गर्व को प्रोत्साहित करते हैं । एक दशक से भी अधिक समय से बिहार सरकार के अलग अलग विभागों के दफ्तरों में काम करते हुए ना जाने कितने रंग बिरंगे किताबें, पोस्टर, पर्चे बनाएं। हर साल बिहार दिवस समारोह को 26 जनवरी और 15 अगस्त से ज्यादा उल्लास और उत्साह से मनाया, क्योंकि इसमें अपना होने के भाव था। क्योंकि जब होश संभाला, घर के दरवाजे के बाहर निकल कर देखना शुरू किया तो सब कुछ अशांत मिला। पगड़ी बांधे और कृपाण धारी आतंकवादी लगते थें। महेंद्रू से गुरुद्वारा ऐसा दूर भी नहीं था लेकिन लंगर छकने, हलवा पाने में अजीब सा डर लगता था। इंदिरा गांध...

शैलेंद्र को याद करते

आज शैलेंद्र जी की पुण्यतिथि (14 दिसंबर 1966) पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए आप सब के लिए उनकी बेटी अमला शैलेंद्र से प्रदीप कुमार जी की खास बातचीत ~ "आवारा हूँ, आवारा हूँ ...गर्दिश में हूँ, आसमान का तारा हूँ ...' की लोकप्रियता के बारे में अमला शैलेंद्र बताती हैं, “हम दुबई में रहते थे। हमारे पड़ोस में तुर्कमेनिस्तान का एक परिवार रहता था। उनके पिता एक दिन हमारे घर आ गए, कहने लगे योर डैड रोट दिस सांग आवारा हूँ ... आवारा हूँ ...और उसे रूसी भाषा में गाने लगे।" इस गाने की कामयाबी का एक और दिलचस्प उदाहरण अमला बताती हैं। “नोबल पुरस्कार से सम्मानित रूसी साहित्यकार अलेक्जेंडर सोल्ज़ेनित्सिन की एक किताब है 'द कैंसर वार्ड'।इस पुस्तक में कैंसर वार्ड का एक दृश्य आता है, जिसमें एक नर्स एक कैंसर मरीज़ की तकलीफ़ इस गाने को गाकर कम करने की कोशिश करती है।" हालांकि इस गीत के लिए पहले-पहले राजकपूर ने मना कर दिया था। शैलेंद्र ने अपने बारे में धर्मयुग के 16 मई, 1965 के अंक में - 'मैं, मेरा कवि और मेरे गीत' शीर्षक से लिखे आलेख में बताया - “आवारा की कहानी सुने ब...